08 अप्रैल 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। खरीफ सीजन 2026 को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मस्तूरी विकासखंड के जोंधरा क्षेत्र में दो निजी कृषि केंद्रों पर बड़ी कार्रवाई की है। अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों की उर्वरक बिक्री पर 21 दिनों के लिए रोक लगा दी गई है और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
उड़नदस्ता दल द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में मेसर्स प्रजापति खाद भंडार में बिल और वास्तविक वितरण में अंतर, स्टॉक और दर का प्रदर्शन नहीं करना तथा आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने जैसी गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। वहीं मेसर्स चंदेल ट्रेडर्स में भी स्टॉक और दर प्रदर्शित नहीं करना, निर्धारित प्रारूप में बिल जारी न करना और बिना पीओएस मशीन के उर्वरक बिक्री करने जैसी अनियमितताएं पाई गईं।
संभागीय संयुक्त संचालक कृषि आर.के. राठौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराया जाए और कालाबाजारी या जमाखोरी की स्थिति में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरकों का वितरण केवल पीओएस मशीन के माध्यम से ही किया जाएगा।
जिले में प्रत्येक विकासखंड के लिए 4 सदस्यीय उड़नदस्ता दल गठित किया गया है, जो सहकारी और निजी विक्रेताओं की नियमित जांच करेगा। साथ ही जिला स्तर पर भी निगरानी जारी रहेगी।
किसानों की सुविधा के लिए उप संचालक कृषि कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए किसान दूरभाष नंबर 07752-470814 पर संपर्क कर सकते हैं।
