21 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही औद्योगिक दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने फैक्ट्री मालिकों और संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सिरगिट्टी, बिल्हा, तिफरा, सिलपहरी और कोनी औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योगपतियों की बैठक आयोजित कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि फैक्ट्रियों में कार्यरत कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी उद्योगों में हेलमेट, ग्लव्स, सुरक्षा जूते और रेडियम जैकेट जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा कर्मचारियों के शराब सेवन कर कार्यस्थल पर आने पर रोक लगाने के लिए ब्रीथ एनालाइजर मशीन लगाने, उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और फैक्ट्री परिसर व आसपास के मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।

हाल ही में क्षेत्र में बढ़ी आगजनी की घटनाओं को देखते हुए सभी उद्योगों में फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से लगाने और नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष सतीश कुमार शाह, उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी सहित कई उद्योगपति उपस्थित रहे। साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह भी मौजूद रहीं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
