22 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए मदर्स प्राइड वर्ल्ड स्कूल द्वारा आईएएससी नासा के सहयोग से पहली बार छत्तीसगढ़ में विशेष स्टार गेज़िंग एवं खगोल विज्ञान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय कार्यक्रम 22 मार्च (रविवार) और 23 मार्च (सोमवार) को स्कूल परिसर में आयोजित होगा।
इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरिक्ष और खगोलीय दुनिया से सीधे जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान दो वैज्ञानिक स्कूल में उपस्थित रहेंगे, जो छात्रों को खगोल विज्ञान से जुड़ी रोचक और महत्वपूर्ण जानकारियाँ देंगे।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को चंद्रमा के क्रेटर, विभिन्न ग्रहों और सप्तऋषि मंडल का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का मौका मिलेगा। छात्र दूरबीन के माध्यम से रात के आकाश को देखकर इन अद्भुत खगोलीय दृश्यों का अनुभव कर सकेंगे, जो उनके लिए एक यादगार और ज्ञानवर्धक अनुभव होगा।

कार्यक्रम में कक्षा 5वीं से 12वीं तक के किसी भी विद्यालय के छात्र-छात्राएँ भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।

इस आयोजन का एक खास आकर्षण यह भी है कि बिलासपुर से चार प्रतिभाशाली छात्रों का चयन आईएएससी सर्च कैंप के लिए किया जाएगा, जहां उन्हें एक वर्ष तक उन्नत खगोल विज्ञान का प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
मदर्स प्राइड वर्ल्ड स्कूल छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा विद्यालय बन गया है, जो इस तरह का बड़े स्तर का खगोलीय कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। यह पहल छात्रों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
