22 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/तखतपुर
बिलासपुर जिले के तखतपुर तहसील अंतर्गत ग्राम अमसेना से एक बेहद खतरनाक और दहशत फैलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक खेत मालिक द्वारा अपने धान की फसल को बचाने के लिए पूरे खेत के चारों ओर करंट प्रवाहित तारों का जाल बिछा दिया गया है, जिससे आसपास रहने वाला परिवार लगातार मौत के साए में जीने को मजबूर है।
प्रार्थी तरुण ने बताया कि खेत मालिक बृंदा साहू और उसके बेटे ने खेत की सुरक्षा के नाम पर बिजली का करंट दौड़ाने वाले तार लगा दिए हैं। सुबह लाइट बंद होने के दौरान जब वह घर से बाहर निकला तो वह करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया, जिससे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है।

मामले की गंभीरता इस बात से और बढ़ जाती है कि शिकायतकर्ता का मकान खेत से सटा हुआ है, और खेत का पानी भी उनके घर के रास्ते से बहता है। ऐसे में यदि कभी तार टूटकर गिर जाए, तो किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है और कई जिंदगियां खतरे में पड़ सकती हैं।

जब इस मामले को लेकर खेत मालिक से शिकायत की गई, तो उसने और उसके बेटे ने दबंगई भरे अंदाज में जवाब देते हुए कहा –
“अभी कोई हादसा या मौत तो नहीं हुई, जब होगी तब देखेंगे!”
इस तरह का लापरवाह और अड़ियल रवैया साफ तौर पर किसी बड़ी अनहोनी को न्योता देता नजर आ रहा है।

अब बड़ा सवाल यह है कि:
क्या प्रशासन समय रहते कार्रवाई करेगा?
या फिर किसी की जान जाने के बाद ही सिस्टम जागेगा?
⚠️ ग्रामीणों में भारी दहशत है और वे जल्द से जल्द इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
