⚠️ दमकल की देरी पर उठे सवाल, लाखों का नुकसान
22 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार प्रताप चौक में बीती देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ‘साक्षी फैशन’ (गर्ल्स एवं जेंट्स वियर) नामक कपड़े का शोरूम देखते ही देखते आग की चपेट में आ गया और कुछ ही घंटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
बताया जा रहा है कि आग देर रात अचानक भड़की और तेजी से पूरे शोरूम में फैल गई। आग इतनी विकराल थी कि दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान पूरी तरह स्वाहा हो गया, कुछ भी नहीं बच पाया।
दुकान संचालक कृष्णा बनर्जी को घटना की जानकारी रात करीब 3 बजे मिली। उस समय वे दिल्ली में कपड़ा खरीदने गए हुए थे। सूचना मिलते ही उन्होंने परिजनों को सतर्क किया। उनका छोटा भाई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से आसपास की दुकानों को बड़ी तबाही से बचा लिया गया, लेकिन साक्षी फैशन शोरूम को नहीं बचाया जा सका।
⚠️ दमकल विभाग पर गंभीर आरोप
घटना का सबसे चिंताजनक पहलू दमकल विभाग की कथित लेट-लतीफी रही। संचालक कृष्णा बनर्जी ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची, जिससे नुकसान और बढ़ गया। उनका कहना है कि यदि टीम समय पर पहुंचती, तो नुकसान कम हो सकता था।
🔥 काफी मशक्कत के बाद सुबह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक शोरूम पूरी तरह जल चुका था। बाद में पहुंची दमकल टीम ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया।
📌 प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, वहीं किसी साजिश से फिलहाल इनकार किया गया है।
❗ यह घटना एक बार फिर शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या सख्त कदम उठाता है।
