19 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में TPO (ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर) की नियुक्ति को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। छात्र संगठन NSUI ने भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
NSUI प्रदेश सचिव रंजेश सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव अश्वनी दीक्षित को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि TPO की नियुक्ति बिना स्वीकृत पद के की गई है, जो नियमों के विरुद्ध है।

छात्र संगठन का आरोप है कि इस नियुक्ति में छात्रों की फीस से बने IRG फंड का दुरुपयोग किया गया है और करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये तक खर्च किए जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी, फर्जी डिग्री और गलत मूल्यांकन जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

NSUI ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष केंद्रीय जांच कराई जाए, संबंधित अधिकारी को तत्काल पद से हटाया जाए और पूरे मामले में FIR दर्ज कर आर्थिक वसूली की जाए।
ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं और अब सभी की निगाहें जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
