18 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
भारतीय रेलवे माल गोदाम सर्विस संघ के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण कुमार पासवान ने बिलासपुर दौरे के दौरान बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा लागू किए गए श्रमिक हितों से जुड़े प्रावधानों (4 कोड) का सीधा लाभ अब वास्तविक मजदूरों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए संघ लगातार प्रयासरत है और अब उसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।
एक दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे पासवान ने कहा कि संघ ने वर्षों तक वास्तविक मजदूरों को उनका हक दिलाने के लिए संघर्ष किया है। अब समय आ गया है कि मेहनतकश श्रमिकों को उनके परिश्रम का उचित पारिश्रमिक और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि मजदूरों के हित में हर स्तर पर कमेटियों का गठन किया जाएगा। ये कमेटियां मजदूरों का पंजीयन करेंगी और उन्हें पहचान पत्र (आईकार्ड) जारी करेंगी, जिससे उन्हें मेडिकल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं आसानी से मिल सकें।
पासवान ने स्पष्ट कहा कि संघ का उद्देश्य केवल वास्तविक और पात्र मजदूरों को योजनाओं का लाभ दिलाना है, ताकि कोई भी श्रमिक सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में तेजी से काम किया जाएगा और आने वाले समय में मजदूरों की स्थिति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
