16 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंगियाडीह इलाके में देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। घर में रखे फ्रिज के कंप्रेसर में ब्लास्ट होने की आशंका के बाद अचानक भीषण आग लग गई, जिससे एक बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 57 वर्षीय जया अग्रवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात उनके घर में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक आशंका है कि घर में रखे फ्रिज के कंप्रेसर के फटने से यह हादसा हुआ, जिसके बाद आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई। उस समय महिला घर के अंदर मौजूद थीं और आग की चपेट में आ गईं।

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। हालांकि तब तक आग काफी फैल चुकी थी और महिला को बचाया नहीं जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फ्रिज के कंप्रेसर में ब्लास्ट होने से मकान में आग लगने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस मृतका के परिजनों और रिश्तेदारों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।
✍️✍️ सीजी क्राइम रिपोर्टर
