16 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर में सिंधी समाज के आराध्य देव श्री झूलेलाल जी के प्रमुख पर्व चेट्रीचंद्र महोत्सव का आगाज़ इस वर्ष भी भव्य और सांस्कृतिक अंदाज़ में हुआ। भारतीय सिंधु सभा, सेंट्रल सिंधी पंचायत, सेंट्रल सिंधी युवा विंग तथा सेंट्रल सिंधी महिला विंग के संयुक्त तत्वावधान में “सिंध जो मेलो” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री झूलेलाल जी पर ज्योत प्रज्ज्वलित एवं महाआरती कर की गई, जिसके साथ ही संस्कृति, भाईचारा और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए महोत्सव का भव्य आगाज़ हुआ।
कार्यक्रम में सिंधी समाज की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली। पारंपरिक व्यंजनों की सुगंध, आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और समाज की एकता का अद्भुत संगम एक ही मंच पर देखने को मिला। समाज के बेहतरीन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया। भक्ति गीतों और संगीत की धुन पर महिलाएं और उपस्थित लोग झूम उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर के विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहे।

विधायक अमर अग्रवाल ने सिंधी समाज को चेट्री चंद्र महोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि सिंधी समाज हमेशा सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश देता आया है।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि यह समाज की एक पुरानी और गौरवशाली परंपरा है, जिसे हर वर्ष बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। प्रभात फेरी, स्कूटर रैली, भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की एकता और भाईचारे का संदेश पूरे शहर में फैलता है।
वहीं सिंधी सेंट्रल पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष विनोद मेघानी ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले इस महोत्सव में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। पहले दिन “सिंध जो मेलो” के आयोजन से संस्कृति, भाईचारा और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष विनीता भावनानी ने बताया कि कुंदन पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के लिए विशेष गेम्स जोन, स्वास्थ्य सहायता पंडाल, विभिन्न आकर्षक स्टॉल और सेल्फी जोन बनाए गए हैं, जहां सिंधी संस्कृति की झलकियां देखने को मिल रही हैं।
सेंट्रल सिंधी युवा विंग अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी ने बताया कि चेट्रीचंद्र महोत्सव के प्रथम दिवस “सिंध जो मेलो” के साथ शुरुआत हुई है और यह आयोजन पूरे सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान स्कूटर रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भव्य शोभायात्रा सहित कई सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस भव्य आयोजन में महिला, युवा और वरिष्ठ जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपनी एकता का परिचय दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और सिंधी संस्कृति की रंगत देखने को मिली, जिससे बिलासपुर शहर में चेट्रीचंद्र महोत्सव की धूम शुरू हो गई है।
✍️ ✍️सीजी क्राइम रिपोर्टर
