16 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर के तारबहार थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की खंभे से टकराकर मौत हो गई। यह घटना अग्रसेन चौक से पुराने बस स्टैंड जाने वाले मार्ग पर हेवनस पार्क के सामने हुई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार तालापारा निवासी जैद खान (29 वर्ष) देर रात स्कूटी से अग्रसेन चौक की ओर से पुराने बस स्टैंड की तरफ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक नशे की हालत में था और तेज रफ्तार में स्कूटी चला रहा था। इसी दौरान हेवनस पार्क के सामने अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने बिना देर किए घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही तारबहार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
तारबहार पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय स्कूटी की रफ्तार कितनी थी और युवक नशे में था या नहीं।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।
