13 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। गुरुवार सुबह शहर में रसोई गैस को लेकर अचानक अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। गैस की कमी की अफवाह फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों के बाहर पहुंच गए, जिससे कई स्थानों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण तेल और गैस संकट की आशंका की चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच गैस की संभावित कमी की अफवाह फैलने से लोगों में घबराहट बढ़ गई और लोग जल्द से जल्द सिलेंडर लेने एजेंसियों की ओर दौड़ पड़े।
शहर के कई इलाकों में लोग सुबह से ही लाइन में खड़े नजर आए। कई लोगों ने अपना जरूरी काम छोड़कर गैस लेने के लिए घंटों इंतजार किया। वहीं जिन घरों में गैस खत्म हो गई थी, वहां लोगों को खाना बनाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बालाजी गैस एजेंसी में भी उमड़ी भीड़
शहर की बालाजी गैस एजेंसी में भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने पहुंचे। एजेंसी के कर्मचारियों ने बताया कि बीच-बीच में सर्वर डाउन होने के कारण वितरण प्रक्रिया धीमी हो गई, जिससे लोगों को और अधिक इंतजार करना पड़ा।
प्रशासन ने किया आश्वस्त
वहीं प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक शहर में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और नियमित रूप से आपूर्ति जारी है।
