13 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अल्पसंख्यक समाज को पार्टी की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, जिला बिलासपुर ग्रामीण में सीपत मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। यह घोषणा पार्टी संगठन के मार्गदर्शन में की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय तथा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान के मार्गदर्शन में यह संगठनात्मक विस्तार किया गया। वहीं संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी और जिला प्रभारी के निर्देशों तथा भाजपा बिलासपुर ग्रामीण कोर ग्रुप के निर्णय के आधार पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।

भाजपा बिलासपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल की अनुशंसा पर अल्पसंख्यक मोर्चा (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष मुशर्रफ़ खान ने सीपत मंडल अल्पसंख्यक मोर्चा की नई कार्यकारिणी की सूची जारी की।
इस मौके पर मुशर्रफ़ खान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी वर्गों और समाज को साथ लेकर विकास के पथ पर आगे बढ़ने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं तथा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।
मुशर्रफ़ खान ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी के गठन से सीपत मंडल में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों व कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि अल्पसंख्यक मोर्चा के तहत 14 मंडलों में से अब तक 10 मंडलों की कार्यकारिणी की सूची जारी की जा चुकी है और शेष मंडलों की घोषणा भी जल्द की जाएगी।
