14 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 11 वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई में 5 हाइवा और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं, जो अवैध रूप से रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे थे।
बताया गया है कि कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा जिले में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 11, 12 और 13 मार्च 2026 को खनिज अमले ने निरतु, लोफन्दी, कच्छार, लछनपुर, रतनपुर, लमेर, लारिपारा घुटकू, सेंदरी, कोनी, बिरकोना, मोपका, चकरभाठा, दर्रीघाट और जयरामनगर मस्तूरी सहित कई क्षेत्रों में सघन जांच की।
जांच के दौरान लारिपारा क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली, सेंदरी क्षेत्र से 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली, और कोनी क्षेत्र से 1 हाइवा वाहन पकड़ा गया। वहीं जयरामनगर मस्तूरी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते 3 हाइवा वाहन और गिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 हाइवा वाहन को भी जब्त किया गया।
खनिज विभाग ने सभी 11 वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना कोनी और जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर
