06 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रतनपुर
बिलासपुर/रतनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत ऐतिहासिक नगर रतनपुर को बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तथा बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू की पहल और प्रयासों से रतनपुर में आधुनिक तकनीक आधारित डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट (DHP) को स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा 13.12 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।
नई दिल्ली में आयोजित सेंट्रल सैंक्शनिंग एंड मॉनिटरिंग कमेटी (CSMC) की बैठक में इस परियोजना को टेक्नोलॉजी एंड इनोवेटिव सब-मिशन (TISM) के अंतर्गत मंजूरी दी गई। यह छत्तीसगढ़ का पहला डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट होगा, जिसमें आधुनिक और उन्नत निर्माण तकनीकों के माध्यम से आवास निर्माण का एक आदर्श मॉडल तैयार किया जाएगा।
स्वीकृत परियोजना के अंतर्गत G+2 मॉडल पर आधुनिक आवासीय परिसर का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक आवासीय इकाई का कार्पेट एरिया 28.57 वर्गमीटर तथा प्लिंथ एरिया 42.79 वर्गमीटर निर्धारित किया गया है। यह परियोजना सामाजिक कल्याण गतिविधियों के लिए रेंटल मॉडल पर संचालित की जाएगी, जिससे जरूरतमंद लोगों को सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा।
परियोजना में डाइनिंग रूम व किचन, कार्यालय कक्ष (टॉयलेट सहित), गतिविधि कक्ष, मेडिकल रूम (टॉयलेट सहित), केयरटेकर कक्ष (टॉयलेट सहित) और लॉन्ड्री रूम जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सामुदायिक भवन का भी निर्माण किया जाएगा।
इस परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) बिल्डिंग मटेरियल्स एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन काउंसिल (BMTPC) द्वारा तैयार किया गया है, जिसे डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट 2018 के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पाया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने का संकल्प तेजी से पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि रतनपुर में स्वीकृत यह परियोजना आधुनिक निर्माण तकनीकों का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी और प्रदेश में किफायती व गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण को नई दिशा देगी।
इसके साथ ही रतनपुर के समग्र विकास को गति देने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के राज्य बजट में शक्तिपीठ क्षेत्र के विकास के लिए राशि देने की घोषणा की गई है, वहीं रतनपुर के दो तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने का निर्णय भी लिया गया है। स्थानीय नागरिकों ने इस उपलब्धि पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे रतनपुर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।
