06 मार्च 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सिरगिट्टी
बिलासपुर। धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। प्रार्थी मोहित खांडे और ललिता खांडे ने बताया कि आरोपी तोमन खांडे, उसका बेटा बिट्टू खांडे, कुंदन, कुबेर और उसकी पत्नी चित्रलेखा लगातार कई वर्षों से उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बना रहे हैं।

पीड़ितों के अनुसार, आरोपी तोमन खांडे स्वयं को ईसाई धर्म प्रचारक बताता है और पिछले करीब 15 वर्षों से धर्म परिवर्तन के लिए आसपास के लोगों को प्रेरित करता रहा है। आरोप है कि हर रविवार को उसके घर पर धार्मिक सभा आयोजित की जाती है, जहां लोगों को पैसे, नौकरी और अन्य प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता है। मना करने पर गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की जाती है।

परिवार का कहना है कि महाशिवरात्रि के दिन डायल-112 के ड्राइवर सोनू खांडे, बिट्टू खांडे, कुंदन कुबेर, सुमन और चित्रलेखा ने उनके घर में घुसकर मारपीट की। इस दौरान डायल-112 की पुलिस मौके पर मौजूद रही, लेकिन आरोपियों को रोकने के बजाय घटना का वीडियो बनाती रही। पीड़ितों का आरोप है कि उनके साथ पुलिस के सामने ही जमकर मारपीट की गई।
पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी पहले भी कई बार उनके घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट कर चुके हैं। इस संबंध में वर्ष 2018 और 2019 समेत कई बार सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों और हमलों के कारण वे अपने घर जाने से भी डर रहे हैं और फिलहाल महिलाओं व बच्चों के साथ एक गोपनीय स्थान पर छिपकर रहने को मजबूर हैं। न्याय की उम्मीद लेकर पूरा परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
