कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बनाया हवस का शिकार, अश्लील वीडियो बनाकर देता रहा धमकी
04 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
छत्तीसगढ़ रायगढ़/छाल
जिले के छाल थाना क्षेत्र से महिला अपराध का एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने मायके में अकेली रह रही विवाहिता को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म का शिकार बनाया। आरोपी ने न केवल महिला की अस्मिता से खिलवाड़ किया, बल्कि आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बीमारी के कारण मायके लौटी थी पीड़िता
पीड़िता ने छाल थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2024 में मध्य प्रदेश में हुई थी। शादी के बाद उसने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन समुचित इलाज और देखभाल के अभाव में नवजात की पांच दिन बाद मृत्यु हो गई। इसके बाद भी उसका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता रहा। परेशान होकर वह 24 जनवरी 2025 को इलाज के लिए छाल क्षेत्र स्थित अपने मायके लौट आई।
माता-पिता के निधन के कारण पीड़िता यहां अकेली रह रही थी।
मरम्मत के बहाने बढ़ी नजदीकी, फिर रची गई साजिश
पीड़िता के अनुसार, अप्रैल 2025 में कच्चे मकान की मरम्मत के लिए मिट्टी डलवाई गई थी। इसी दौरान आरोपी का घर आना-जाना शुरू हुआ।
6 अप्रैल, रविवार की शाम आरोपी उसके घर आया और बातचीत में उलझाकर उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई। कुछ ही देर में पीड़िता को चक्कर और नींद आने लगी।
घर में अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण
घटना के बाद आरोपी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को डराता रहा और इसी दबाव में लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। मानसिक रूप से टूट चुकी पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर आखिरकार पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए छाल थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उसे जेल भेज दिया गया है।
महिला सुरक्षा पर फिर खड़े हुए सवाल
यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा, अकेली महिलाओं की स्थिति और विश्वास के दुरुपयोग जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की विवेचना पूरी संवेदनशीलता और सख्ती के साथ की जा रही है।
