जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने आस्था स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
04 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
आस्था, विश्वास और भावनाओं से ओतप्रोत एक ऐतिहासिक व अविस्मरणीय दृश्य आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जब श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत आस्था स्पेशल ट्रेन बिलासपुर संभाग के 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। इस पावन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने श्रद्धालुओं से भरी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।

आस्था और विश्वास का सम्मान है यह योजना
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सूर्यवंशी ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का सम्मान है। इस योजना के माध्यम से समाज के हर वर्ग को प्रभु श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण का सशक्त उदाहरण है।कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा स्टेशन परिसर
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य और भावनात्मक वातावरण बनाया गया था।
गाजे-बाजे, पारंपरिक नृत्य, तिलक, फूल-मालाएं और पुष्पवर्षा के बीच जैसे ही श्रद्धालु स्टेशन पहुंचे, पूरा परिसर “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर उल्लास, श्रद्धा और भावुकता साफ झलक रही थी।

उल्लेखनीय है कि अयोध्या धाम के दर्शन के साथ-साथ श्रद्धालु काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रति श्रद्धालुओं ने जताया आभार
दर्शन यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
जीपीएम जिले के पेण्ड्रा निवासी श्री श्रवण गुप्ता एवं श्रीमती सुषमा देवी गुप्ता ने कहा कि श्री रामलला के दर्शन उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है, जो मुख्यमंत्री की पहल से संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतनी सुव्यवस्थित और सम्मानजनक व्यवस्था सपने के साकार होने जैसी है।
कोटा निवासी श्रीमती सरोज जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता के कारण आज अनेक महिलाओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर प्राप्त हो रहा है, जिसके लिए वे कृतज्ञ हैं।
वहीं बाराद्वार के श्री गिरिलाल राठौर एवं जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ निवासी श्री जगन्नाथ प्रसाद सहित अन्य श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय और भावनात्मक क्षण बताया।
यात्रा के लिए संपूर्ण व्यवस्था
इस विशेष ट्रेन में बिलासपुर जिले के 225 श्रद्धालु भी शामिल हैं।
श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए यात्रा, ठहराव, मंदिर दर्शन, नाश्ता एवं भोजन की पूर्ण व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रा के दौरान टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मियों एवं चिकित्सकों का दल भी श्रद्धालुओं के साथ मौजूद रहेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड एवं रेलवे विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
