उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाने कलेक्टर के निर्देश
04 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
जिले में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें जिले में प्रस्तावित नए उद्योगों की स्थापना से जुड़े प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान में 43 प्रकार के विभिन्न उद्योग पाइपलाइन में हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान 36 लघु एवं सूक्ष्म औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की गई है, जिनके माध्यम से 49 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश हुआ है और लगभग 300 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हुआ है।

अनुदान व प्रोत्साहन मामलों की समीक्षा
बैठक में नए उद्योगों को दिए जाने वाले अनुदान एवं प्रोत्साहन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए, ताकि निवेशकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
रोजगार सृजन पर विशेष जोर
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले में उद्योगों की स्थापना से न केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने और सभी स्वीकृति प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

केंद्र सरकार की योजनाओं पर फोकस
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए तथा स्वीकृत प्रकरणों का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उच्चाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, उद्योग विभाग के सीजीएम श्री टेकाम सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
