विनीत कुमार पाण्डेय व नितेश पंत की स्मृति में शोकसभा, न्यायिक कार्यवाही स्थगित
04 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर में आज दोपहर 3:45 बजे माननीय मुख्य न्यायाधीश के न्यायालय कक्ष में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन, बिलासपुर के सदस्य स्वर्गीय श्री विनीत कुमार पाण्डेय एवं स्वर्गीय श्री नितेश पंत की दिवंगत आत्मा की शांति हेतु शोकसभा का आयोजन किया गया।
शोकसभा माननीय श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें उच्च न्यायालय के सभी माननीय न्यायमूर्तिगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने स्वर्गीय श्री विनीत कुमार पाण्डेय एवं स्वर्गीय श्री नितेश पंत के जीवन एवं उनके विधि क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोकसभा में उपस्थित सभी न्यायमूर्तिगण, अधिवक्तागण एवं अधिकारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। शोकसभा के पश्चात् दिन की शेष न्यायिक कार्यवाही स्थगित कर दी गई। इस अवसर को माननीय उच्च न्यायालय की फुल कोर्ट रेफ्रेंस कार्यवाही में सम्मिलित करते हुए दिवंगत अधिवक्ताओं के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रेषित की गईं।
शोकसभा में श्री विवेक शर्मा, महाधिवक्ता; श्री राजेश कुमार केशरवानी, प्रशासक उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ; श्री रमाकांत मिश्रा, उप सालिसिटर जनरल भारत सरकार; वरिष्ठ अधिवक्तागण, अन्य अधिवक्तागण, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
