कलेक्टर ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, वाटर हीरो नीरज वानखेड़े ने बताए भू-जल बचाने के वैज्ञानिक उपाय
04 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
जिले में जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के अंतर्गत बिल्हा विकासखंड के ग्राम परसदा में भू-संरक्षण एवं जल संरक्षण पर आधारित व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और पानी बचाने का संकल्प कराया।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जल जीवन का आधार है, लेकिन लगातार दोहन के कारण भू-जल स्तर में चिंताजनक गिरावट आई है। यदि अभी जल संरक्षण पर गंभीरता से कार्य नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल-स्रोतों के संरक्षण और फसल विविधिकरण को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि वैकल्पिक खेती से पानी की बचत संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने आजीविका डबरी निर्माण योजना की जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा डबरी निर्माण हेतु तीन लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है, जिससे सिंचाई, निस्तारी के साथ-साथ मछली एवं बत्तख पालन जैसी आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामकुमार कौशिक ने जीराम योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीण स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे गांव आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

जल संरक्षण क्षेत्र में देशभर में ‘वाटर हीरो’ के नाम से प्रसिद्ध समाजसेवी श्री नीरज वानखेड़े ने ग्रामीणों को गिरते भू-जल स्तर और इसके दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए वर्षा जल संचयन, खेत-तालाब निर्माण, जल-स्रोतों के संरक्षण, मिट्टी कटाव रोकने तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने मॉडल के माध्यम से यह भी समझाया कि भू-जल संवर्धन से गांवों में हरियाली और जल समृद्धि लाई जा सकती है।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा भविष्य में जल बचाने और भू-संरक्षण गतिविधियों को अपनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह, जनपद पंचायत बिल्हा के सीईओ श्री कुमार सिंह, ग्राम परसदा के सरपंच श्री जितेन्द्र निर्णेजा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण एवं समूह की दीदियां उपस्थित रहीं।
