सॉफ्टबॉल स्पर्धा में 18 राज्यों के 561 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल कौशल
04 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर को 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (2025–26) के आयोजन का गौरव प्राप्त हुआ है। प्रतियोगिता के अंतर्गत सॉफ्टबॉल (17 वर्ष आयु वर्ग, बालक एवं बालिका) स्पर्धा का विधिवत शुभारंभ आज मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
खेल के माध्यम से माता-पिता, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें – राजेश सूर्यवंशी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हमारा देश भारत माता के नाम से जाना जाता है, उसी प्रकार छत्तीसगढ़ अपनी मातृभूमि को ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ के रूप में सम्मान देता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे मनोयोग से खेलते हुए अपने माता-पिता, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ अभियान के तहत देश में खेल संस्कृति को जो प्रोत्साहन मिल रहा है, वही माहौल शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यालय स्तर पर भी विकसित हो रहा है।

प्रतियोगिता का विवरण
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में आंध्र प्रदेश, बिहार, सीबीएसई, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित मेजबान छत्तीसगढ़ समेत कुल 18 राज्यों/टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में कुल 561 खिलाड़ी (280 बालक एवं 281 बालिकाएं) तथा 70 कोच एवं मैनेजर शामिल हैं।
खिलाड़ियों के लिए सुदृढ़ व्यवस्थाएं
शिक्षा विभाग द्वारा खिलाड़ियों की सुविधा हेतु व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर के 18 विद्यालयों में आवास व्यवस्था की गई है, वहीं ब्रजेश स्कूल परिसर में सभी प्रतिभागियों के लिए कॉमन मेस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
खिलाड़ियों को आवास से खेल मैदानों—छत्तीसगढ़ स्कूल, लोयला स्कूल एवं खेल परिसर—तक लाने-ले जाने के लिए बसों की सुचारु व्यवस्था की गई है। प्रत्येक राज्य के समन्वय हेतु एक महिला एवं एक पुरुष लाइजनिंग ऑफिसर की नियुक्ति की गई है, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उद्घाटन समारोह में प्रमुख उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय टांडे, सहायक संचालक श्रीमती वर्षा, एपीसी डॉ. अखिलेश तिवारी, सेवा निवृत्त वरिष्ठ खेल अधिकारी श्री सुशील मिश्रा, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री कमलेश यादव सहित श्री अखिलेश मेहता, श्री साजिद खान, श्री रितेश सिंह, श्री सुभाष त्रिपाठी, श्री अनिल मिश्रा, श्री अभ्युदय तिवारी, श्री अख्तर खान, श्री अजय त्रिपाठी, श्रीमती भारती दुबे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आज के मुकाबलों के परिणाम (बालिका वर्ग)
दिल्ली ने बिहार को पराजित किया, चंडीगढ़ ने मणिपुर पर जीत दर्ज की, सीबीएसई ने जम्मू-कश्मीर एवं तमिलनाडु को हराया, छत्तीसगढ़ ने दिल्ली को मात दी, पंजाब ने गुजरात को पराजित किया, महाराष्ट्र ने गुजरात पर जीत हासिल की, विद्या भारती ने आंध्र प्रदेश को हराया, हरियाणा ने तेलंगाना को पराजित किया, मध्य प्रदेश ने आंध्र प्रदेश पर विजय प्राप्त की तथा राजस्थान ने तेलंगाना को हराया।
