जन-जागरूकता रैली, कैंसर योद्धाओं का सम्मान और वैज्ञानिक संगोष्ठी का आयोजन
04 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर के कैंसर विभाग द्वारा समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नवीन चिकित्सा जानकारी साझा करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 7 बजे कैंसर जन-जागरूकता रैली से हुई, जिसे सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न विभागों के चिकित्सक एवं कर्मचारी शामिल हुए।

इस अवसर पर कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रहास ध्रुव ने कहा कि जन-जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच को प्रोत्साहित करना तथा शीघ्र निदान के माध्यम से गंभीर जटिलताओं से बचाव करना है।
कार्यक्रम में सह-अतिथि के रूप में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
दूसरे चरण में प्रातः 9:30 बजे कैंसर वार्ड में कैंसर से पूर्णतः स्वस्थ हो चुके कैंसर योद्धाओं एवं वर्तमान में उपचाररत मरीजों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथियों द्वारा मरीजों को फल की टोकरी एवं रजाई भेंट कर उनके साहस, धैर्य और सकारात्मकता की सराहना की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इसके पश्चात सिम्स के सभागार में एक वैज्ञानिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि वक्ता के रूप में डॉ. प्रशांत कशेर, निदेशक, करुणा श्री कैंसर हॉस्पिटल, रायपुर उपस्थित रहे।
अन्य वक्ताओं में डॉ. रिचा अग्रवाल गुप्ता एवं डॉ. संतोष पटनायकुनी ने कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सत्र प्रस्तुत किए।
संगोष्ठी में भारत में पाए जाने वाले प्रमुख कैंसर, उनके लक्षण, समय पर निदान, अत्याधुनिक उपचार पद्धतियों, नई कीमोथेरेपी दवाइयों एवं बायोलॉजिकल थेरेपी पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, मेडिकल एवं नर्सिंग छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कैंसर विभाग के चिकित्सक डॉ. हेमू टंडन, सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष पटनायकुनी, सहायक प्राध्यापक डॉ. रिचा अग्रवाल, जूनियर रेजिडेंट डॉ. एरिक, डॉ. शिवम एवं बरखा का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि आज कैंसर के कई प्रकार समय पर पहचान और सही उपचार से पूरी तरह ठीक किए जा सकते हैं। विश्व कैंसर दिवस समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है और सिम्स मेडिकल कॉलेज जिले में ही आधुनिक कैंसर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि कैंसर के उपचार में चिकित्सा के साथ-साथ मरीज का मनोबल अत्यंत आवश्यक है। सिम्स चिकित्सालय में कैंसर मरीजों को समर्पित, संवेदनशील एवं आधुनिक उपचार सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
