बिलासपुर रेंज में आईजी रामगोपाल गर्ग की अभिनव पहल — “अनुभव” QR कोड का भव्य शुभारंभ
05 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर पुलिस रेंज आज एक ऐतिहासिक और तकनीकी नवाचार की साक्षी बनी, जब पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग की दूरदर्शी परिकल्पना से विकसित “अनुभव” QR कोड सिस्टम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह पहल पुलिस और आमजन के बीच सीधे, पारदर्शी और निर्भीक संवाद की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना सभागार में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं DIG व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। वहीं रेंज के सभी आठ जिलों — कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़, सक्ती के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।
🔷QR कोड स्कैन करें… सीधे IG को दें फीडबैक
अब थाने में आने वाला हर नागरिक QR कोड स्कैन कर अपने मोबाइल से पुलिस से जुड़े अपने अनुभव, सुझाव या शिकायत सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुँचा सकेगा। यह फीडबैक एक सरल गूगल फॉर्म के माध्यम से लिया जाएगा, जिसमें पहचान और मोबाइल नंबर देना पूरी तरह वैकल्पिक रहेगा।

🔷तकनीक से सशक्त होगी पुलिसिंग : आईजी रामगोपाल गर्ग
अपने संबोधन में आईजी श्री गर्ग ने कहा कि
“अब समय आ गया है कि पुलिस तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। ‘अनुभव’ के माध्यम से आमजन सरल तकनीक से अपने वास्तविक अनुभव साझा कर सकेंगे, जिससे व्यवस्था में सुधार संभव होगा।”
उन्होंने बताया कि रेंज के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में QR कोड स्थापित कर दिए गए हैं और आज से यह व्यवस्था एक साथ सभी आठ जिलों में लागू कर दी गई है।
🔷जनता का फीडबैक, पुलिस सुधार की कुंजी : संभाग आयुक्त
संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन ने इस पहल को समय की मांग बताते हुए कहा —
“हम जनता के सेवक हैं और हमारे कार्य का सबसे सही मूल्यांकन जनता ही कर सकती है। नवाचार को अपनाकर ही व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।”
🔷 बिना भटकाव सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचेगी बात : कलेक्टर
जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि यह पहल आमजन को वरिष्ठ कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना अपनी बात सीधे रखने का अवसर देगी, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा।

🔷फीडबैक के आधार पर होंगे ठोस सुधार : एसएसपी रजनेश सिंह
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर जिले के सभी थानों में QR कोड लगाए जा चुके हैं और प्राप्त फीडबैक के आधार पर थाना स्तर पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
कार्यक्रम में एसएसपी रायगढ़ श्री शशिमोहन सिंह, एसएसपी मुंगेली श्री भोजराम पटेल एवं एसपी कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी ने भी अपने विचार रखते हुए “अनुभव” को पुलिसिंग को जन-केंद्रित बनाने वाली प्रभावी पहल बताया।
🔷रिबन कटिंग, वीडियो प्रेजेंटेशन और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा QR कोड का रिबन काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। साथ ही एक वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से “अनुभव” की कार्यप्रणाली और उपयोगिता को समझाया गया।
इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
🔷 जनता से अपील
आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने आमजन से अपील की कि वे इस प्रणाली का सदुपयोग करें,
✔️ अच्छा अनुभव हो तो उसे भी साझा करें
✔️ कमी लगे तो निर्भय होकर बताएं
ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में एसएसपी बिलासपुर द्वारा अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए।
इसके साथ ही बिलासपुर रेंज में “अनुभव” QR कोड के माध्यम से जनता से प्रत्यक्ष संवाद की नई शुरुआत हो गई।
