02 फरवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर….
बिलासपुर
भारत सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत जिले में इको टूरिज्म सेक्टर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सीएसआईडीसी रायपुर के तत्वावधान में तथा एनआईएमएसएमई द्वारा टूरिज्म सेक्टर विषय पर आयोजित किया गया, जिसमें इको टूरिज्म क्षेत्र से जुड़े द्वितीय बैच के प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर बिलासपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में टूरिज्म, विशेषकर इको टूरिज्म के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को इको टूरिज्म की मूल अवधारणा, स्थानीय पर्यटन संसाधनों के सतत एवं जिम्मेदार उपयोग, होम-स्टे संचालन, टूर पैकेज डिजाइन, पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रोजगार एवं व्यवसाय की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
समापन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में सप्तसूरम ट्रस्ट की ट्रस्टी श्रीमती तनुश्री सोनी उपस्थित रहीं।

अपने उद्बोधन में विधायक श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि इको टूरिज्म जैसे क्षेत्र युवाओं को स्थानीय स्तर पर उद्यमिता और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर पर्यटन क्षेत्र में नवाचार, सतत विकास और रोजगार सृजन की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की औद्योगिक एवं पर्यटन नीतियों, उद्यम पंजीयन, वित्तीय सहायता एवं ऋण सुविधाओं तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में भी विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
