23 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
जिला स्तरीय अधिकारियों से संवाद, विकास कार्यों की समीक्षा और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
बिलासपुर
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी के संचालक श्री श्रीराम तरणिकांति ने आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संवाद किया। बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों तथा शासन की प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस अवसर पर संभागायुक्त श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, सहायक कलेक्टर श्री अरविंथ कुमारन, अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिले का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत करते हुए प्रशासनिक संरचना, विभागीय समन्वय और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में श्री तरणिकांति ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में व्यापक, समावेशी और दूरदर्शी दृष्टिकोण अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को केवल प्रत्यक्ष रूप से सामने आने वाले कार्यों तक सीमित न रहकर उन विषयों पर भी पहल करने की प्रेरणा दी, जो सामान्यतः नजरों से ओझल रह जाते हैं।
उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता, नवाचार और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने से ही शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
