13 जनवरी 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर…..
बिलासपुर
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से आए ग्रामीणों एवं शहरवासियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। जनदर्शन में पहुंचे प्रत्येक आवेदक से उन्होंने स्वयं आवेदन प्राप्त किए और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने भी आमजनों की समस्याएं सुनीं और निराकरण की प्रक्रिया में सहयोग किया।

जनदर्शन में ग्राम पंचायत मिट्ठू नवागांव के ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम पंचायत में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन निर्माण की मांग की। कलेक्टर ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लिंगियाडीह निवासी वृद्धा श्रीमती गुंजा धुरी ने शासन की योजनाओं के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है और वे अत्यंत निर्धन स्थिति में जीवनयापन कर रही हैं। कलेक्टर ने उनके आवेदन को नगर निगम आयुक्त को सौंपते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
बिल्हा विकासखंड के ग्राम बोड़सरा निवासी अजय ने स्वरोजगार स्थापित करने हेतु शासन की योजना अंतर्गत ऋण दिलाने का अनुरोध किया। उन्होंने वेल्डिंग दुकान खोलकर आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई। कलेक्टर ने प्रकरण को लीड बैंक अधिकारी को सौंपा।

कोटा विकासखंड के ग्राम कुरदर निवासी हरिश्चंद्र मिरी ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि लगभग 100 डिसमिल भूमि उनके, आनंदबाई और लक्ष्मी प्रसाद के नाम दर्ज है, जिस पर लक्ष्मी प्रसाद द्वारा अवैध रूप से खेती की जा रही है। भूमि बंटवारे को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है।
इसी तरह बिल्हा के ग्राम मदनपुर के ग्रामीणों ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी न मिलने की शिकायत कलेक्टर से की। कलेक्टर ने एसडीएम कोटा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में जमीन के अवैध कब्जे, भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों में समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
