पूर्वी भारत के पांच राज्यों की मिली अहम जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह
18 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर–
नई दिल्ली/ अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल जी देसाई ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए अशोक शुक्ला को कांग्रेस सेवादल का राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया है। श्री शुक्ला को पूर्वी जोन के पांच राज्यों—छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड एवं उड़ीसा—की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पूर्व में प्रदेश कांग्रेस सेवादल में अतिरिक्त मुख्य संगठक के रूप में श्री शुक्ला द्वारा किए गए प्रभावी संगठनात्मक कार्यों एवं सदस्यता अभियान में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। वर्तमान में कांग्रेस सेवादल द्वारा देशभर में चलाए जा रहे सदस्यता अभियान को गति देने में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
कांग्रेस पार्टी में सेवादल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन को और अधिक मजबूत करने की मंशा जाहिर की है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे एवं वरिष्ठ नेता श्री राहुल गांधी के मार्गदर्शन में सेवादल को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल जी देसाई द्वारा देशव्यापी सदस्यता अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती 19 नवंबर से शुरू किया गया है।

अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अशोक शुक्ला ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस सेवादल को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल जी देसाई द्वारा सौंपे गए इस दायित्व को चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए भरोसे पर खरा उतरने का संकल्प व्यक्त किया।
श्री शुक्ला को यह जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश सहित पूर्वी जोन के सभी सेवादल कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई है।
