17 दिसंबर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…….
राजधानी रायपुर–
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3200 करोड़ के शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने निलंबित राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार कर तीन दिन की कस्टोडियल रिमांड हासिल कर ली है। विशेष अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ईडी की मांग मान ली। एजेंसी का दावा है कि पूछताछ से शराब और कोयला घोटालों के बीच आर्थिक कड़ियां उजागर होंगी।

गिरफ्तारी का पूरा घटनाक्रम
मंगलवार को शराब घोटाले में पूछताछ के लिए तलब की गई सौम्या चौरसिया से घंटों सवाल-जवाब के दौरान डिजिटल साक्ष्य और बयानों के आधार पर ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को रायपुर की विशेष अदालत में पेशी के दौरान ईडी की ओर से वकील सौरभ पांडे ने रिमांड की मांग की, जबकि बचाव पक्ष से हर्षवर्धन परघनिया और डॉ. सौरभ कुमार पांडे ने विरोध किया। अदालत ने रिमांड दे दी।
सौम्या चौरसिया छत्तीसगढ़ शासन में डिप्टी सेक्रेटरी रैंक की शक्तिशाली नौकरशाह रह चुकी हैं। उन्हें पहले 2 दिसंबर 2022 को कोयला लेवी घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के लिए गिरफ्तार किया गया था। मई में सुप्रीम कोर्ट की शर्तों पर जमानत मिली थी, जिसमें राज्य से बाहर रहने का आदेश था।
3200 करोड़ का शराब घोटाला: नकली होलोग्राम से 2165 करोड़ का नुकसान
ईडी की जांच के मुताबिक, 2019-2023 के बीच तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब नीति में बदलाव कर चहेती कंपनियों को फायदा पहुंचाया गया। नोएडा की फर्म से नकली होलोग्राम और सील बनवाकर महंगी शराब सरकारी दुकानों में बेची गई। बिना एक्साइज टैक्स के बिक्री से राज्य को 2165 करोड़ का राजस्व नुकसान हुआ। शुरुआती अनुमान 2000 करोड़ का था, जो अब 3200 करोड़ तक पहुंच गया।
सौम्या तक 115 करोड़: हवाला, डायरी और डिजिटल सबूत
रिमांड आवेदन में ईडी ने खुलासा किया कि लक्ष्मीनारायण बंसल के जरिए शराब घोटाले के 115 करोड़ सौम्या चौरसिया तक पहुंचे। आरोपी तांत्रिक केके श्रीवास्तव के बयान से 72 करोड़ हवाला रूट से ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई। कोयला घोटाले की एक डायरी में 43 करोड़ का जिक्र है, जिसमें अनवर ढेबर और पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा के नाम हैं। ईडी का सिंडिकेट- पूर्व एमडी एपी त्रिपाठी समेत- इन घोटालों का केंद्र बता रही है।
बड़े नाम फंसे, भूपेश बघेल की आंच बेटे तक
अब तक गिरफ्तार: पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल, अनिल टुटेजा, अनवर ढेबर। आबकारी विभाग के 28 अधिकारी आरोपी हैं। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के करीबी बताई जाने वाली सौम्या की गिरफ्तारी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ईडी को उम्मीद है कि रिमांड से पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होगा।सभी की नजरें अब ईडी की अगली कार्रवाई पर
