स्कूली बच्चों ने किया ऊर्जा शिक्षा उद्यान का भ्रमण, कॉलेज व स्कूलों में चला जागरूकता अभियान
16 दिसम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर……
बिलासपुर:–ऊर्जा संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में 14 से 20 दिसम्बर 2025 तक ऊर्जा संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर ऊर्जा संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के लिए जिलेभर में संकल्प एवं जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज जिला कार्यालय में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऊर्जा बचाव की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी ने ऊर्जा के अपव्यय को रोकने, ऊर्जा दक्ष विद्युत उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा आमजन को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही सौर ऊर्जा के उपयोग, जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं वृक्षारोपण को अपनाने तथा भावी पीढ़ी के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्ष उपकरणों के उपयोग के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए।
इसी तरह ऊर्जा शिक्षा उद्यान, बिलासपुर में केन्द्रीय विद्यालय एवं डी.ए.वी. स्कूल के छात्र-छात्राओं को भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें ऊर्जा संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई और ऊर्जा बचाव संकल्प अभियान के तहत शपथ दिलाई गई। बच्चों को ऊर्जा संरक्षण, ऊर्जा दक्ष उपकरणों के उपयोग एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय, कोटा तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल, लिंगियाडीह में भी विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को ऊर्जा, जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास निरंतर जारी है।
