27 नवम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…….
बिलासपुर:–छत्तीसगढ़ की बेटी और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी रावत ने बांग्लादेश में संपन्न महिला कबड्डी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर भारत को चैंपियन बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में भारत को मिले 35 में से 16 प्वाइंट अकेले संजू ने अर्जित किए, जिसके चलते उन्हें टूर्नामेंट की मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना गया।

आज नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव ने संजू के प्रदर्शन की जमकर सराहना की और इसे छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि “संजू ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। वे पूरे भारत की प्रेरणा हैं।”

🏆 छोटे से गांव से विश्व कप तक का सफर🏆
कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की 23 वर्षीय संजू देवी राज्य की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया। वे जुलाई 2023 से बिलासपुर स्थित बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
संजू ने अपनी यात्रा साझा करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल होने के लिए मानसिक मजबूती सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट और देशभर के कई बड़े टूर्नामेंटों में हिस्सा लेकर अपना खेल निखारा। छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ की चयन स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उनका चयन इंडिया कैंप के लिए हुआ, जहाँ बेहतर खेल के आधार पर उन्हें एशियन कबड्डी चैम्पियनशिप और फिर कबड्डी विश्व कप में जगह मिली।

🏏🏑 खेल सुविधाओं को मजबूत कर रही है सरकार
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बताया कि बहतराई स्थित स्व. बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र में वर्तमान में
👉.कबड्डी में 38 बालिकाएं
👉.हॉकी में 35 बालक एवं 38 बालिकाएं
👉.तीरंदाजी में 14 बालक, 14 बालिकाएं
👉.एथलेटिक्स में 12 बालक और 7 बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने हेतु खेल सुविधाओं और अधोसंरचना को लगातार मजबूत कर रही है।
🎤प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहे मौजूद🎤
कार्यक्रम में युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनूजा सलाम, उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्री शशिकांत बघेल और संजू के कोच श्री दिल कुमार राठौर उपस्थित रहे।
संजू देवी के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश को गौरवांवित किया है।
