January 20, 2026
1001288226.jpg
Spread the love

27 नवम्बर 2025

सीजी क्राइम रिपोर्टर…….

बिलासपुर:–भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा बिलासपुर के सीएमएचओ कार्यालय परिसर में आज नवनिर्मित भवन का लोकार्पण कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल द्वारा किया गया। नए भवन के शुभारंभ के साथ रेडक्रॉस की सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने में सुविधा मिलेगी।

लोकार्पण समारोह में कलेक्टर श्री अग्रवाल ने रेडक्रॉस के सामाजिक, स्वास्थ्य एवं आपदा राहत कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सदैव मानवता की सेवा की अग्रिम पंक्ति में रहा है—रक्तदान, प्राथमिक उपचार, चिकित्सा सहयोग और जरूरतमंदों की त्वरित सहायता में संस्था की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रेडक्रॉस की गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा और अधिक नागरिकों को संगठन से जोड़ने की पहल होगी, ताकि इसके उद्देश्यों को व्यापक स्तर पर पूरा किया जा सके।

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं रेडक्रॉस जिला शाखा बिलासपुर के चेयरमैन डॉ. बी. एल. गोयल ने नवनिर्मित भवन को संस्था के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर रेडक्रॉस ने स्वास्थ्य सहायता, जनजागरूकता, प्रशिक्षण, जरूरतमंदों की मदद और आपदा राहत जैसे कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। नया भवन इन गतिविधियों को और मजबूती देगा।

विशिष्ट अतिथि एवं रेडक्रॉस सचिव डॉ. (श्रीमती) शुभा गरेवाल ने कलेक्टर श्री अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में रेडक्रॉस की सेवाएँ लगातार प्रगति कर रही हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नया भवन जनहित में चल रही पहलों को और अधिक गति देगा तथा नागरिकों को संस्था से जुड़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में रेडक्रॉस के कोषाध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह दुआ, समिति सदस्य श्री सुरेंद्र गुम्बर, नोडल अधिकारी डॉ. एम. ए. जीवानी, डॉ. गायत्री बांधी (डीएमओ), डॉ. नीता श्रीवास्तव, डॉ. रमन जोगी, जिला समन्वयक श्री सौरभ सक्सेना, सुश्री पीयुली मजुमदार (डीपीएम), डॉ. गोपेन्द्र दीक्षित सहित रेडक्रॉस के अधिकारी–कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।