26 नवम्बर 2025
सीजी क्राइम रिपोर्टर…….
बिलासपुर:–भारत के संविधान को 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था। उसी ऐतिहासिक दिन के सम्मान में हर वर्ष की तरह आज जिला पंचायत बिलासपुर में संविधान दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया।
जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत सदस्य दामोदार कांत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप कुमार अग्रवाल, जनपद पंचायत मस्तूरी के सीईओ जे.आर. भगत, जनपद पंचायत बिल्हा के सीईओ कुमार सिंह सहित जिला पंचायत के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि संविधान ने देश को एक मजबूत दिशा और ढांचा दिया। संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों ने नागरिकों को स्वतंत्र रूप से अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार प्रदान किया, जिससे समाज और राष्ट्र के विकास को गति मिली।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संविधान निर्माण से पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर ने विश्व के सभी प्रमुख संविधानों का अध्ययन किया और 2 वर्ष 11 माह 18 दिन की मेहनत के पश्चात भारतीय संविधान को रूप प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का शपथपूर्वक पाठ किया तथा संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों पर चर्चा की गई।
