बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर इडली-डोसा ठेला संचालक और उसके सहयोगी के साथ लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे चौथे आरोपी फरहान खान (20) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 5 नवंबर 2026 की सुबह करीब 4 बजे राजीव गांधी चौक के पास हुई थी। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करते हुए हर्ष धनकर के साथ मारपीट की थी। बीच-बचाव करने पहुंचे रितेश कुमार साहू को भी आरोपियों ने पीटा था। गंभीर रूप से घायल हर्ष धनकर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मामले में सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऋषभ राज कोसले, राहुल चतुर्वेदी और सारिक अली को 6 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था, जबकि फरहान खान घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से आरोपी के अपने घर आने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
