बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और किसानों को मिलने वाली सहायता राशि को लेकर कांग्रेस नेता विजय केशरवानी ने राज्य सरकार पर सवालों की बौछार की है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी केशरवानी ने आंकड़ों के साथ दावा किया कि केंद्र सरकार ने पिछले तीन वर्षों में सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹258 प्रति क्विंटल बढ़ाया है, लेकिन ₹3,100 की घोषित दर से तुलना करने पर किसानों को मिलने वाली अंतर सहायता ₹917 से घटकर ₹659 रह गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि MSP में हुई बढ़ोतरी का अतिरिक्त लाभ किसानों को क्यों नहीं मिल रहा है और सरकार इस पूरे गणित को सार्वजनिक क्यों नहीं कर रही है?

केशरवानी के अनुसार, वर्तमान सामान्य धान का MSP ₹2,441 प्रति क्विंटल है, जबकि घोषित कुल दर ₹3,100 है। दोनों के बीच ₹659 का अंतर बनता है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ की खरीदी सीमा के हिसाब से यह सहायता ₹13,839 प्रति एकड़ होती है। वहीं, वर्ष 2023-24 में ₹917 प्रति क्विंटल के अंतर के आधार पर 21 क्विंटल धान पर ₹19,257 प्रति एकड़ की राशि बनती थी। इस तरह तुलनात्मक गणना में ₹5,418 प्रति एकड़ का अंतर सामने आता है। उन्होंने कहा कि यदि पुराना अंतर बरकरार रखा जाता तो वर्तमान MSP के आधार पर किसानों को ₹3,358 प्रति क्विंटल मिल सकते थे। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि MSP में बढ़ोतरी के बावजूद किसानों को अतिरिक्त लाभ क्यों नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कृषक उन्नति योजना के तहत घोषित ₹13,839 प्रति एकड़ सहायता की पात्रता और भुगतान प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। केशरवानी ने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि किन किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा, बोए गए रकबे का सत्यापन किस आधार पर होगा और भुगतान कब तक किया जाएगा। उन्होंने मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों की कृषि परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान उत्पादन करना सामान्यतः मुश्किल होता है। ऐसे में निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को सत्यापित रकबे के आधार पर सहायता मिलने की व्यवस्था का वास्तविक लाभ पात्र किसानों तक पहुंचना चाहिए।

धान खरीदी की जमीनी व्यवस्था पर निशाना साधते हुए केशरवानी ने कहा कि खरीदी केंद्रों की सीमित दैनिक क्षमता और टोकन की समस्या से किसान परेशान हैं। कई किसानों को समय पर टोकन नहीं मिल रहा है, जबकि टोकन मिलने के बाद भी खरीदी की सीमित क्षमता के कारण उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है। किसानों ने खाद, बीज, मजदूरी और डीजल के लिए कर्ज लिया है, जिसे फसल बेचकर चुकाना है। खरीदी में देरी होने से कर्ज चुकाने और अगली फसल की तैयारी पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने खरीदी केंद्रों की क्षमता बढ़ाने, पर्याप्त टोकन जारी करने और निर्धारित अवधि में प्रत्येक पात्र किसान का पूरा धान खरीदने की मांग की।
केशरवानी ने सरकार से MSP वृद्धि और अंतर सहायता का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने, ₹13,839 प्रति एकड़ सहायता की पात्रता एवं भुगतान की समय-सीमा स्पष्ट करने तथा धान खरीदी व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि उनकी उपज का उचित मूल्य, समय पर खरीदी और वास्तविक आर्थिक राहत चाहिए। विशेष रूप से बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर कांग्रेस किसानों के साथ चरणबद्ध आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर पूरे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में व्यापक किसान जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
