बिलासपुर। बिल्हा स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और सेवा सहकारी समिति गुमा में चेकों की राशि में हेराफेरी कर 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण करने के मामले में बिल्हा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बैंक के कैशियर ऋषिकेश पाण्डेय (46), लेखापाल संजय सिंह बघेल (39) और सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक 63 के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह (48) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों ने आपसी साजिश कर चेकों और दस्तावेजों में कूटरचना के जरिए शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई।
पुलिस के मुताबिक, समिति के कार्यवाही प्रस्ताव में तीन चेकों के माध्यम से क्रमशः 51,900, 1,82,080 और 80,150 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि चेकों में काट-छांट कर इन राशियों को बढ़ाकर क्रमशः 89,900, 2,82,080 और 2,80,150 रुपये कर दिया गया। इस तरह कुल 3,38,000 रुपये का अतिरिक्त आहरण किया गया। जांच में सामने आया कि बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने कथित रूप से कूटरचित चेकों को पास किया, जबकि कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेक निरस्त करने के बजाय उनकी राशि का भुगतान कर दिया। पुलिस ने यह भी पाया कि शिकायतकर्ता राजकुमार बरगाह की भूमिका भी इस मामले में संदिग्ध थी और प्रस्ताव पंजी में की गई काट-छांट की जांच नहीं की गई थी।
