बिलासपुर। शादी की बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवक द्वारा खुद को आग लगाने और उपचार के दौरान उसकी मौत के मामले में कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। युवक को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में 21 वर्षीय युवती आकांक्षा सिदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक विकास गुप्ता (22) और आरोपी युवती के बीच प्रेम संबंध थे। 27 जनवरी 2026 को दोनों कोनी स्थित एक होटल में रुके थे। इसी दौरान शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद विकास ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे विकास की 1 फरवरी 2026 को रायपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

मर्ग जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों में युवक को लगातार प्रताड़ित करने तथा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किए जाने की बात सामने आने पर कोनी पुलिस ने धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 21 नवंबर को आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
