बिलासपुर। गांधी जयंती के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय में स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वसंत विहार कॉलोनी से ‘स्वच्छता ही सेवा हैप्पी रन’ का आयोजन हुआ, जिसमें निदेशक मंडल, मुख्य सतर्कता अधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी और संविदा कर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। दौड़ एसईसीएल मुख्यालय से होते हुए नेहरू शताब्दी नगर स्थित गांधी उद्यान में संपन्न हुई।

गांधी उद्यान में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल के तहत परिसर में वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और संविदा कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वच्छता के लिए प्रति वर्ष 100 घंटे यानी प्रति सप्ताह दो घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास, निदेशक वित्त डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
