बिलासपुर के कोटा स्थित पर्यटन स्थल कोरी डैम में मारपीट कर लूट करने वाले आरोपियों को कोटा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से गिरफ्तार किया है। 23 सितंबर को युवती अपने साथियों के साथ कोटा बैंक का काम पूरा करने के बाद कोरी डैम घूमने गई थी। इसी दौरान तीन युवकों ने उसके साथी के साथ मारपीट कर बैग और मोबाइल लूट लिया था। मामले में कोटा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस ने नाका चौक कोटा क्षेत्र में दबिश देकर गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29) निवासी कुंवारीमुड़ा, कोटा और रामजी यादव (38) निवासी घासीपुर, रतनपुर को एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने कोरी डैम में लूट की घटना स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पोको मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 10 CC 7858 बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को परिजनों को सूचना देकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, ACCU प्रभारी गोपाल सतपति, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा सहित कोटा थाना और ACCU टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
