जांजगीर-चांपा। नाबालिग से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर शादी का झांसा देकर अनाचार करने के आरोप में पुलिस ने मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के पुनासा निवासी पवन मुजल्दे को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज था।
पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद करने के बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार नाबालिग की करीब दो वर्ष पहले आरोपी से इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत शुरू हुई थी। 28 जुलाई 2026 को आरोपी ने उसे इंदौर बुलाया, जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किए जाने की जानकारी सामने आई। मामले में अपराध क्रमांक 444/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोटमीसोनार पुलिस ने साइबर तकनीकी सहायता से आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद जटवार, प्रधान आरक्षक तरीकेश पाण्डेय, आरक्षक शुभम एक्का, हेमंत साहू और महिला आरक्षक रुक्मणी कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
