बिलासपुर। मल्हार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर स्कूल में कथित अनियमितताओं और समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं ने फीस के नाम पर पैसे लेने, शासन की योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाएं नहीं मिलने और सैनिटरी पैड को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

छात्राओं ने प्राचार्य के व्यवहार और एक शिक्षक पर अनुचित नजर रखने के भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिकायत करने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है।
छात्राओं की शिकायत की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय मौके पर पहुंचे। छात्राओं ने उन्हें अपनी समस्याएं बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की। छात्राओं का दावा है कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी शिकायतें और जांच हो चुकी हैं, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। हालांकि लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। टीम को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आरोपों की वास्तविकता और जिम्मेदारी तय होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
