बिलासपुर/बिल्हा। बरतोरी स्थित स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर पर उसकी पत्नी ने लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वह अपने दोनों बच्चों के साथ पिछले कई महीनों से अलग रह रही है, जबकि पति कथित तौर पर अलग मकान में रहता है। महिला के मुताबिक, वह जहां भी बच्चों के साथ रहती है, पति वहां पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट और घर खाली करने की धमकी देता है। बच्चों के भरण-पोषण के लिए पैसे मांगने पर भी उसे परेशान किए जाने का आरोप है।

महिला ने पति पर दहेज को लेकर ताने देने और बच्चों को भी मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि आज भी उसके साथ मारपीट की गई, जबकि पति कथित तौर पर शराब के नशे में घर में पड़ा रहा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शासकीय कर्मचारी होने के बावजूद पति ड्यूटी के दौरान नशे में रहता है और अस्पताल से अनुपस्थित रहता है। उसने उपस्थिति रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षर किए जाने का आरोप लगाते हुए संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।महिला ने यह भी कहा कि सरकारी कर्मचारी अगर नशे में धुत्त रहे और ड्यूटी में ना जाये तो उसको विभाग सैलरी क्यों दे रहा है।

महिला ने पुलिस और विभाग से पति के खिलाफ कार्रवाई के साथ खुद और बच्चों की सुरक्षा की मांग की है। उसने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और उसे सुरक्षा नहीं मिली तो उसके सामने आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।
फिलहाल महिला के आरोपों पर पुलिस और संबंधित विभाग की कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पति का पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाना उचित होगा।
