बिलासपुर। कोटा विकासखंड के बेहरामुड़ा स्थित अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक चतरपाल सिंह राज के खिलाफ गंभीर अनुशासनहीनता के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष और सचिव को शिक्षक को तत्काल निलंबित करने तथा 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।

शिकायतों, प्रारंभिक जांच रिपोर्ट और वायरल वीडियो के आधार पर 3 अक्टूबर को विद्यालयीन समय में शिक्षक पर शराब के नशे में अभद्र एवं अमर्यादित आचरण करने का आरोप है। संबंधित रिपोर्टों में प्रधानमंत्री के संबंध में भी आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का उल्लेख किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इस आचरण को शिक्षक की गरिमा और शासकीय आचरण के विपरीत बताते हुए विद्यालय की प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला माना है।
विद्यालय प्रबंध समिति को नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित 24 घंटे में कार्रवाई का प्रतिवेदन नहीं देने पर विद्यालय से संबंधित समस्त वेतन भुगतान रोकने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
