बिलासपुर के हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में पत्नी पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर की रात आशीष कौशिक ने अपनी पत्नी सभ्या कौशिक के साथ मारपीट की, जिससे उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
मामले में सभ्या के भाई आदित्य कौशिक की शिकायत पर 2 अक्टूबर को हिर्री पुलिस ने आरोपी आशीष कौशिक के खिलाफ धारा 109 और 92 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और पूछताछ के दौरान उसके द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही।
पुलिस ने आरोपी आशीष कौशिक (31) निवासी बोड़सरा को 4 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और प्रशिक्षु थाना प्रभारी पीएसआई लीलाधर देशमुख के नेतृत्व में की गई।
