बिलासपुर। बिलासपुर की बेटी प्रशंसा पांडे 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नई दिल्ली स्थित संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। संसद भवन के लिए रवाना होने से पहले शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उन्हें सम्मानित कर प्राचार्य कमलेश सर सहित प्रोफेसरों और महाविद्यालय परिवार ने शुभकामनाएं दीं। प्रशंसा पांडे का राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना बिलासपुर के लिए गौरव का क्षण है।

प्रशंसा पांडे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता रह चुकी हैं और विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। पिछले दो वर्षों से वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। युवा नेतृत्व के क्षेत्र में उन्हें युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘Youth Icon’ की उपाधि भी मिल चुकी है। इस भूमिका में वे नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता कर चुकी हैं।

प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी प्रशंसा पांडे ने Youth Icon के रूप में सहभागिता की है। लगातार सक्रियता, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय मंचों पर उपलब्धियों के बाद संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बिलासपुर की बेटी का देश की संसद में छत्तीसगढ़ की आवाज बनकर पहुंचना प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी और शहर के लिए गौरव का विषय है।
