बिलासपुर। वार्ड क्रमांक 51 के राजकिशोर नगर में नाली निर्माण के दौरान पुरानी बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर नाली में जा गिरी। जिस वक्त दीवार गिरी, उसके बेहद करीब दो महिला और दो पुरुष मजदूर काम कर रहे थे। मिट्टी खिसकने का आभास होते ही मजदूरों ने तुरंत वहां से हटकर अपनी जान बचाई और कुछ ही पल बाद दीवार पूरी तरह ढह गई। मजदूरों के समय रहते हट जाने से बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी निगरानी और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, नाली निर्माण की गुणवत्ता को लेकर वार्ड पार्षद पहले भी ठेकेदार और इंजीनियर के सामने आपत्ति जता चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पार्षद मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त दीवार सहित निर्माण स्थल का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर से चर्चा कर काम की गुणवत्ता तथा मजदूरों की सुरक्षा पर ध्यान देने की बात कही।

वहीं ठेकेदार ने सफाई देते हुए बताया कि गिरने वाली दीवार पुरानी और जर्जर थी, जो नाली के ऊपर बनी थी तथा उसमें कॉलम नहीं था। उनका कहना है कि संबंधित परिवार की क्षतिग्रस्त बाउंड्री को दोबारा बनाकर देने की जिम्मेदारी ली गई है। हालांकि दीवार किन परिस्थितियों में गिरी, निर्माण शुरू करने से पहले उसकी स्थिति का तकनीकी आकलन हुआ था या नहीं और मौके पर पर्याप्त निगरानी व सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं—इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल चार मजदूर सुरक्षित हैं, लेकिन घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
