रायगढ़ में मंगलवार शाम चेन स्नेचिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के केलो विहार स्थित शिव मंदिर मार्ग पर करीब शाम 5:20 बजे छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी तहसील कार्यालय की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्ध आरोपियों के फुटेज सामने आए हैं, जिनके आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


पुलिस ने संदिग्धों के फोटो विभिन्न माध्यमों से साझा कर पहचान के प्रयास शुरू किए हैं और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी चक्रधरनगर 9479193210 या पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ 9479193299 पर सूचना दें।
