बिलासपुर/रायगढ़। बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखने और सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। पुसौर पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर ग्राम सुमेरा, थाना कुढ़नी निवासी मोहम्मद जुबैर आलम (38) को पकड़ा और रायगढ़ लाकर पूछताछ की। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार साइबर टिप लाइन से मिली सूचना की जांच में सामने आया कि 25 मार्च 2026 को लारा एनटीपीसी क्षेत्र से बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर देखा और अपलोड किया गया था। जांच के बाद पुसौर थाने में 25 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 और आईटी एक्ट की धारा 67(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया। मोबाइल नंबर की तकनीकी जानकारी से आरोपी की लोकेशन मुजफ्फरपुर में मिलने के बाद पुलिस टीम बिहार रवाना हुई और उसे गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले वर्ष लारा एनटीपीसी क्षेत्र में ठेकेदार के अधीन पोकलेन मशीन चलाता था। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में उप निरीक्षक कुंदन सिंह गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय और आरक्षक धनुर्जय बेहरा की टीम ने की।
