अकलतरा नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से गाली-गलौच, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने 42 वर्षीय मनोज कुमार टण्डन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शराब के नशे में आरोपी ने कार्यालय पहुंचकर कर्मचारी से विवाद किया, शासकीय दस्तावेज फाड़े और बाद में दोबारा कार्यालय पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर विवाद करने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए सामने पड़े पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शिकायत के आधार पर अकलतरा थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश कर अकलतरा क्षेत्र से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया सहित थाना अकलतरा स्टाफ की भूमिका रही।
