बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर चाकू और डंडे से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 26 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे जलसो के पास हुई। पोंसरा निवासी आयुष रजक अपने साथियों के साथ मजदा वाहन में डीजे लोड कर गांव लौट रहा था, तभी पिंटू वर्मा और उसके साथियों ने पूर्व रंजिश को लेकर रास्ता रोक लिया और डीजे बजाने की बात पर विवाद शुरू कर दिया।
डीजे बजाने से मना करने पर आरोपी पिंटू वर्मा ने धारदार चाकू से हमला किया, जबकि उसके साथियों ने डंडे और स्टिक से मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद कोनी पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की और पिंटू वर्मा, उम्र 19 वर्ष, तथा दुर्गेश कुमार गोंड, उम्र 20 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और डंडा भी बरामद कर जब्त किया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जीतेन्द्र गुप्ता और पुलिस टीम ने की।
