बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल, बिजली तार और नकदी समेत संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम खैरझिटी की किराना दुकान से नकदी और दुकान में रखे सामान की चोरी, ग्राम भौवाकापा से बोर का बिजली तार तथा ग्राम खरगहना के गणेश पंडाल से मोबाइल चोरी की शिकायतें दर्ज हुई थीं। पुलिस ने तीनों मामलों में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रथम सूचना दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी कर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी विनय खुसरो पिता सत्येंद्र खुसरो, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम काठाकोनी थाना सकरी और सुनील यादव पिता भुवनेश्वर यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी बंधवापारा थाना सरकंडा ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 15 दिन पहले किराना दुकान से 13 हजार रुपये नकद तथा सिगरेट, राजश्री और खाई-खजाना सहित करीब 14 हजार रुपये का सामान चोरी करना भी कबूल किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की संपत्ति बरामद की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने करीब दो माह पहले तिफरा स्थित पुलिस क्वार्टर से एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मीटर बिजली तार, एक लाल रंग की बिना नंबर हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक रेडमी मोबाइल और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई की गई, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को परिजनों की उपस्थिति में बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू सहित पुलिस टीम ने की। कार्रवाई में आरक्षक दीप सिंह कंवर, जलेश्वर साहू, सुनील पटेल एवं थाना कोटा स्टाफ की विशेष भूमिका रही।
